ब्रह्मर्षि योगिराज सम्राट
श्री देवरहा बाबा
पूज्य श्री देवरहा बाबा एक अष्टांग सिद्ध महायोगी थे। बाबा प्रतिवर्ष पौष-पूर्णिमा से शिवरात्रि पर्यन्त सम्पूर्ण माघमास प्रयाग में कल्पवास किया करते थे। बाबा वस्त्र के नाम पर केवल मृगचर्म ही पहना करते थे।
श्री देवरहा बाबा एक सिद्ध महापुरुष व कर्मठ योगी थे। पूज्य बाबा इस धरा के ऐसे संत थे जिनकी आयु आज भी एक रहस्य है, उनकी महिमा अपरम्पार है। किसी ने उन्हें 250 वर्ष, किसी ने 500 वर्ष तो किसी ने उन्हें 1000 वर्षों का कहा। श्री देवरहा बाबा ने कभी अपनी उम्र, तप, शक्ति व सिद्धि के बारे में कोई दावा नहीं किया। वे बिना पूछे ही सब कुछ जान लेते थे।
इस आश्चर्य को सुनकर लन्दन के आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से कुछ वैज्ञानिक आये और उन्होंने श्री बाबा के बाल, नाखून और आवाज को संग्रहित किया और खोज करने के लिए ले गए कि इस अमुक व्यक्ति की आयु क्या है? तब उन्होंने यह पाया कि यह नाखून और बाल जिसके भी हैं, वह मात्र 3 वर्ष का बालक है और यह आवाज जिसकी भी है वह 5000 वर्ष से अधिक पुरानी है।
यही नहीं, भारत के प्रथम राष्ट्रपति डा० राजेन्द्र प्रसाद अपनी जीवन कथा में लिखते हैं कि जैसा मैंने पूज्य बाबा को अब देखा है, ऐसे ही जब मैं 10 वर्षों का था और अपने दादा जी की उंगली पकड़कर बाबा के दर्शनों के लिए जाया करता था, तब भी बाबा की ऐसी ही अवस्था थी। बाबा बिना कहे-सुने ही अपने पास आने वालों की समस्याओं और उनकी मन की बात जान लिया करते थे। उनकी याद्दाश्त बहुत तेज थी कि वे दशकों बाद भी किसी व्यक्ति से मिलते थे तो उसके खानदान के बारे में बताते थे।
बाबा ने जीवनभर कोई अन्न ग्रहण नहीं किया। पूज्य बाबा स्थूल शरीर के अंतिम 4 वर्ष सन 1986 से 1990 तक श्री धाम वृन्दावन में रहे और वहीं पर 19 जून सन 1990, आषाढ़ मास, कृष्ण पक्ष योगिनी एकदशी के दिन महासमाधि में लीन हो गए।
भक्तों के प्रति प्रेम और उपदेश
वह अपने पास आने वाले सभी से बहुत प्यार से मिलते थे और प्रसाद देते थे। बाबा सुबह ही स्नान कर ईश्वर की साधना में लीन हो जाते थे। उसके बाद अपने मचान पर बैठकर भक्तों से बात करते और उन्हें उपदेश देते थे। वह कुंभ मेलों में भी जाया करते थे, जहां कुछ फीट की ऊंचाई पर बैठकर लोगों को उपदेश दिया करते थे। उनके बारे में एक अनोखी बात यह थी कि वह भक्तों के मन की बातें जान लिया करते थे। योग विद्या के भी वह अच्छे जानकार थे। ध्यान, योग, प्राणायाम, त्राटक समाधि में उन्हें महारत हासिल थी। श्री देवरहा बाबा ने यमुना और सरयू नदी के तट पर अपना जीवन यापन किया था। वह जमीन से 12 फुट ऊंचे लकड़ी के बने एक मचान पर रहते थे। जो भक्त उनके दर्शन करने आते थे, उन्हें वह पैरों से आशीर्वाद उसी मचान से दिया करते थे।
महान विभूतियों के साथ संबंध
1911 में जब जॉर्ज पंचम भारत आए थे, तब वह बाबा से मिलने गए थे। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद को बचपन में ही देखकर बाबा ने कहा था कि वह एक दिन राजा बनेंगे। बाद में, राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने बाबा को एक पत्र लिखकर कृतज्ञता प्रकट की और सन् 1954 के प्रयाग कुंभ में बाकायदा बाबा का सार्वजनिक पूजन भी किया।
भगवान श्री राम और श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त
श्री देवरहा बाबा भगवान श्री राम और भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त थे। वह दोनों में कोई भी भेद नहीं मानते थे और भक्तों को कष्टों से मुक्ति के लिए इन्हीं के मंत्र देते थे। इसके साथ ही बाबा गोसेवा और जनसेवा को भी सर्वोपरि मानते थे। श्री देवरहा बाबा लोगों को गोहत्या के विरुद्ध रहने की प्रेरणा दिया करते थे।
राम मंदिर की भविष्यवाणी
राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण में एक पुस्तिका मौजूद है।
इस निमंत्रण पत्र में सबसे पहले श्री देवरहा बाबा का ही संक्षिप्त परिचय दिया गया है।
श्री देवरहा बाबा से जुड़े सैकड़ों किस्से हैं, लेकिन राम मंदिर निर्माण से जुड़ी हुई उनकी भविष्यवाणी लोगों को हैरान कर देती है। बाबा का एक इंटरव्यू यूट्यूब पर उपलब्ध है, जिसमें एक पत्रकार उनसे सवाल कर रहा है। एक सवाल के जवाब में बाबा पूरे विश्वास के साथ कहते हैं कि "राम मंदिर अवश्य बनेगा और सबकी सहमति से बनेगा"। राम मंदिर आंदोलन से पहले ही उन्होंने अपनी देह छोड़ दी थी, लेकिन उनकी भविष्यवाणी पर आज भी लोग अचंभित रह जाते हैं।